लॉकडाउन में फंसे 8000 छात्रों को लाने के लिए आगरा से 200 बसें हुई रवाना
कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे यूपी के आठ हजार और आगरा मंडल के 1700 छात्रों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को आगरा परिवहन निगम ने 200 बसों को कोटा रवाना किया। आगरा आईएसबीटी पर सुबह सभी बसों का पहले सेनेटाइज किया गया। चालकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। थर्मल स्क्रीनिंग की। सुबह दस बजे से बसों को भेजना शुरू कर दिया गया।
22 मार्च को लॉकडाउन हुआ तो इन बच्चों ने किसी तरह अपना समय गुजार लिया। बाद में लॉकडाउन के दूसरे चरण में 19 दिन बढ़ने के बाद यह छात्र परेशान हो उठे। कई छात्रों ने अभियान चलाया, तो किसी ने भाजपा के स्थानीय सांसद-विधायक से गुहार लगाई। सीएम योगी आदित्यानाथ ने गुरुवार रात प्रदेश की तीन सौ बसें कोटा भेजने का निर्णय लिया। इसमें झांसी रीजन, बनारस रीजन के साथ सबसे ज्यादा 200 बसें आगरा रीजन से भेजी गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बस में 25 से 30 बच्चे बैठेंगे। एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड हर बस में रहेंगे।
बताया जा रहा है कि लोकसभा के सभापति ओम बिरला और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस अभियान में अहम योगदान रहा। ओम बिरला ने सीएम से गुरुवार को बात की। रातो-रात सीएम योगी ने इस प्लान को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अफसरों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यूपी का हर बच्चा अगले 72 घंटे में घरों में होना चाहिए। वह भी सुरक्षा के साथ।
Comments
Post a Comment