शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में कोई भी आंगनबाड़ी केन्द्र बंद नहीं - महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री
जयपुर, राजस्थान
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ममता भूपेश ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत कुल 280 आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हैं तथा इनमें से कोई भी आंगनबाड़ी केन्द्र बंद नहीं है।
भूपेश ने प्रश्नकाल के दौरान विधायक आलोक बेनीवाल के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि विधानसभा क्षेत्र शाहपुरा (जयपुर) के अन्तर्गत तीन बाल विकास परियोजनाऎं क्रमशः शाहपुरा, गोविन्दगढ़ प्रथम, गोविन्दगढ़ द्वितीय, संचालित है। जिसके अन्तर्गत परियोजना शाहपुरा में 200, गोविन्दगढ़ प्रथम में 69 तथा गोविन्दगढ़ ,द्वितीय में 11 आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित है। इस प्रकार शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत कुल 280 आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हैं। उक्त में से कोई भी आंगनबाड़ी केन्द्र बंद नही है। सभी आंगनबाड़़ी केन्द्र संचालित हो रहे है। उन्होंने इनका विवरण सदन के पटल पर रखा।
उन्होंने बताया कि समेकित बाल विकास सेवाऎं योजनान्तर्गत आयु वर्ग 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को पूरक पोषाहार उपलब्ध करवाये जाने हेतु राशि रुपये 8.00 प्रतिदिवस प्रति लाभान्वित व्यय किये जाने का प्रावधान है। पूरक पोषाहार आपूर्ति एवं वितरण की मॅानिटरिंग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा सतत् एवं औचक निरीक्षण द्वारा की जाती है। साथ ही राज्य/जिला/ब्लॉक/आंगनबाड़ी स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति द्वारा भी मॉनिटरिंग की जाती है। इसके अतिरिक्त एन.ए.बी.एल. अनुमोदित/ राजकीय प्रयोगशालाओं से भी पूरक पोषाहार के नमूनें की रेण्डम आधार पर जांच किये जाने का प्रावधान है।
Comments
Post a Comment